(तिउरा गांव में खेत तैयार करने के दौरान मचा हड़कंप, किसानों से की गई सतर्क रहने और सांप न मारने की अपील)
खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता - मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा प्रखंड के तिउरा गांव में रविवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब धान की रोपनी के लिए खेत तैयार किए जा रहे थे और अचानक मेड़ के बिल से एक विशाल कोबरा सांप बाहर निकल आया। कोबरा को देखते ही खेत में काम कर रहे मजदूर और किसान घबरा गए तथा शोर मचाने लगे। कुछ देर के लिए खेत में काम भी रोक दिया गया।
किसान रविंद्र राम ने बताया कि धान की रोपनी के लिए खेत तैयार कराया जा रहा था। इसी दौरान खेत की मेड़ में बने बिल से एक बड़ा कोबरा सांप बाहर निकल आया। सांप को देखते ही मजदूरों में दहशत फैल गई और आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान भी मौके पर पहुंच गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किसानों ने तुरंत सतेंद्र कुमार चौधरी और स्नेक सेवर सनोज पासवान को मोबाइल से सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और पूरी सावधानी तथा विशेषज्ञता के साथ कोबरा का सफल रेस्क्यू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
रेस्क्यू के बाद टीम ने कोबरा को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना चुटिया जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया, ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में रह सके। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण रेस्क्यू अभियान देखने के लिए मौके पर जुटे रहे।
रेस्क्यू टीम ने किसानों और ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में बिलों में पानी भर जाने के कारण सांप अक्सर खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर निकल आते हैं। ऐसे में खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतें। यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें। तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ा जा सके।
रेस्क्यू टीम की तत्परता और सूझबूझ से एक ओर जहां ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, वहीं वन्यजीव संरक्षण का भी बेहतर उदाहरण देखने को मिला। ग्रामीणों ने रेस्क्यू टीम के कार्य की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

Post a Comment