⚡ ब्रेकिंग News

सासाराम- रोहतास के पांच नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, उच्च शिक्षा को मिली नई उड़ानl


(मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया उद्घाटन, जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को मिलेगा लाभ)

खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 
रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/रोहतास: 

बिहार सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार, 15 जुलाई 2026 को माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्य के सभी जिलों के साथ-साथ रोहतास जिले में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
रोहतास जिले में इस अवसर पर पांच नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का विधिवत शुभारंभ किया गया। इनमें राजकीय डिग्री कॉलेज सूर्यपुरा, राजकीय डिग्री कॉलेज संझौली, राजकीय डिग्री कॉलेज काराकाट, राजकीय डिग्री कॉलेज रोहतास तथा राजकीय डिग्री कॉलेज तिलौथू शामिल हैं।
इन महाविद्यालयों के शुरू होने से जिले में उच्च शिक्षा की पहुंच और मजबूत होगी। अब ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए सासाराम, डेहरी या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी तथा अधिक से अधिक विद्यार्थी, विशेषकर छात्राएं, उच्च शिक्षा से जुड़ सकेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाना तथा प्रत्येक छात्र-छात्रा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नए राजकीय डिग्री कॉलेज शिक्षा के प्रसार के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षण संस्थानों की उपलब्धता से छात्राओं की पढ़ाई को विशेष बढ़ावा मिलेगा। अब उन्हें दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे अभिभावकों की चिंता भी कम होगी और बेटियों की उच्च शिक्षा का मार्ग और आसान बनेगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन कॉलेजों के संचालन से जिले में उच्च शिक्षा का दायरा व्यापक होगा तथा भविष्य में यहां आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक पहल को लेकर जिले के विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों का मानना है कि सरकार का यह निर्णय ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला साबित होगा।
तहलका आवाज की ओर से यह माना जा रहा है कि रोहतास जिले में पांच नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले वर्षों में हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...