खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता - मुकेश कुमार मिश्रा नौहट्टा रोहतास:
(वन विभाग के जगदेव चौक फार्म में 10 जुलाई से चल रहा पौधा वितरण, फलदार व इमारती पौधों की उपलब्धता; आवेदन के लिए आधार, बैंक पासबुक व जमीन की रसीद जरूरी)
पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग ने नौहट्टा प्रखंड के किसानों के लिए एक विशेष योजना शुरू की है। इसके तहत नौहट्टा के जगदेव चौक स्थित वन विभाग नर्सरी (फार्म) में 10 जुलाई से पौधों का वितरण किया जा रहा है। किसान मात्र ₹10 प्रति पौधा की दर से विभिन्न प्रकार के फलदार एवं इमारती पौधे प्राप्त कर सकते हैं।
वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड मनीष कुमार ने बताया कि यदि किसान लगाए गए पौधों की दो से तीन वर्षों तक सही देखभाल करते हैं और पौधे जीवित रहते हैं, तो सरकार की ओर से प्रति पौधा कुल ₹70 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसमें किसान द्वारा दिए गए ₹10 के अतिरिक्त ₹60 का प्रोत्साहन सरकार उपलब्ध कराएगी। इस योजना का उद्देश्य किसानों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि नर्सरी में किसानों के लिए बड़ी संख्या में फलदार एवं इमारती पौधे उपलब्ध हैं। फलदार पौधों में आम, अमरूद, शरीफा, कटहल, नींबू, पपीता सहित कई अन्य प्रजातियां शामिल हैं। वहीं इमारती एवं छायादार पौधों में सागवान, शीशम, गैम्हार समेत अन्य मूल्यवान वृक्ष उपलब्ध हैं, जिन्हें किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार प्राप्त कर सकते हैं।
फॉरेस्ट गार्ड मनीष कुमार ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि पौधा प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा जमीन की रसीद साथ लाना अनिवार्य है। सभी आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद किसानों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
वन विभाग का मानना है कि इस योजना से जहां क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी, वहीं किसानों को भविष्य में फल उत्पादन और इमारती लकड़ी से अतिरिक्त आय का भी लाभ मिलेगा। साथ ही पौधों के जीवित रहने पर मिलने वाली सरकारी प्रोत्साहन राशि किसानों को वृक्षों की बेहतर देखभाल के लिए प्रेरित करेगी।
वन विभाग ने क्षेत्र के सभी किसानों से इस जनहितकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में सहभागी बनने की अपील की है।

Post a Comment