खबर:Tahalla Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता - मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
रोहतास जिले के चुटिया थाना क्षेत्र के परछा गांव के पास अरहर के खेत से देसी दोनाली बंदूक और तीन जिंदा कारतूस बरामद होने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी बुचून महतो को चुटिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध चुटिया थाना कांड संख्या 04/2026 के तहत 13 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सूचना मिली थी कि परछा गांव के समीप अरहर के खेत में एक व्यक्ति देसी दोनाली बंदूक और कारतूस के साथ मौजूद है। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी हथियार और कारतूस छोड़कर मौके से फरार हो गया था। तलाशी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी दोनाली बंदूक और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए थे। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होने के बाद से बुचून महतो लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए चुटिया थाना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
चुटिया थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि परछा गांव के पास अरहर के खेत से देसी दोनाली बंदूक एवं तीन कारतूस बरामदगी मामले में फरार आरोपी बुचून महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय है।

Post a Comment