⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- झारखंड से शराब लाकर बेचने की थी तैयारी, 15 लीटर देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार; दो शराबी भी भेजे गए जेलl


 खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

संवादाता - मुकेश कुमार मिश्रा नौहट्टा रोहतास:

रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड में शराब तस्करी और शराब पीकर हंगामा करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चुटिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 लीटर अवैध शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वहीं नौहट्टा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में गाली-गलौज और हंगामा कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुटिया थाना क्षेत्र के तिउरा-सोनडीला मार्ग पर शुक्रवार की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति झारखंड से अवैध शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से क्षेत्र में प्रवेश कर रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तिउरा गांव निवासी अखिलेश चौधरी को 15 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि वह शराब को झारखंड से लाकर स्थानीय स्तर पर बेचने की तैयारी में था। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया।

चुटिया थाना अध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में सासाराम न्यायालय भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।

इधर, नौहट्टा थाना क्षेत्र के सरिता मोड़ पर भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज और हंगामा कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया। एसआई अमित कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि होने पर उन्हें भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिलेभर में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...