खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास;
रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव से एक विवाहिता के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। अस्पताल में इलाज कराने की बात कहकर घर से निकली महिला तीन दिन बाद भी वापस नहीं लौटी, जिससे परिजनों की चिंता और बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है। परिजनों ने अपने स्तर पर हरसंभव तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर नौहट्टा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नौहट्टा थाना क्षेत्र की ऊली बनाही पंचायत अंतर्गत काजीपुर गांव निवासी पिंकी देवी 28 जून की दोपहर अपने घर से यह कहकर निकली थीं कि वह नौहट्टा सरकारी अस्पताल में इलाज कराने जा रही हैं। परिवार के लोगों को उम्मीद थी कि इलाज के बाद वह शाम तक लौट आएंगी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचीं।
महिला के नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की। इसके बाद उनका मायका पाण्डुका गांव में भी खोजबीन की गई, लेकिन वहां भी उनका कोई पता नहीं चल सका। लगातार दो दिनों तक परिवार के लोग संभावित सभी स्थानों पर खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
महिला के पति रविंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि घटना के समय वह जंगल में लकड़ी लाने गए हुए थे। घर लौटने पर उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पत्नी अस्पताल जाने की बात कहकर निकली हैं। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने चिंता जताई और खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिजनों का कहना है कि पिंकी देवी का अचानक इस तरह लापता हो जाना पूरे परिवार के लिए चिंता का विषय बन गया है। परिवार लगातार उनके सकुशल लौटने की प्रार्थना कर रहा है और लोगों से भी सहयोग की अपील कर रहा है।
लगातार दो दिनों तक तलाश के बाद मंगलवार को महिला की सास ने नौहट्टा थाना पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि गुमशुदगी की सूचना दर्ज कर ली गई है। महिला की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और जल्द से जल्द महिला का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को पिंकी देवी के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नौहट्टा थाना या उनके परिजनों को सूचित करें, ताकि महिला को सुरक्षित खोजने में मदद मिल सके।
सूचना मिलते ही इस मोबाइल नंबर पर संपर्क करें-
8294248387 पति रविन्द्र विश्वकर्मा काजीपुर
9508093202 भाई सोनू विश्वकर्मा पाण्डुका
90318 26506 पुलिस स्टेशन नौहट्टा

Post a Comment