खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवदाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता की मां ने नौहट्टा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना 4 अगस्त की बताई गई है। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि वह रोज़ की तरह खेत में मजदूरी करने गई थीं। इसी दौरान उनकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी घर पर थी। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर केसिक्स गांव निवासी सुधीर उरांव शादी का झांसा देकर किशोरी को अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर किशोरी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर गुरुवार को नौहट्टा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नौहट्टा थाना प्रभारी दिवाकर कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment