⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा में कांग्रेस का केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, महंगाई, बेरोजगारी और परीक्षा पेपर लीक को लेकर पीएम का पुतला दहनl


खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:

(प्रखंड अध्यक्ष आदित्य दुबे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल, सरकार की नीतियों और भरत तिवारी प्रकरण को लेकर उठाए सवाल)

रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं तथा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आदित्य दुबे के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आदित्य दुबे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।

उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट सहित कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है। उनका दावा था कि कांग्रेस शासनकाल में इस प्रकार की घटनाएं इतनी व्यापक नहीं थीं।

आदित्य दुबे ने हाल के भरत तिवारी प्रकरण का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह एनकाउंटर नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता बताई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का प्रयास कर रही है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश को जोड़ने वाली राजनीति की जरूरत है, न कि समाज में विभाजन पैदा करने वाली।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए और जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा। पूरे कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से माहौल राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय रहा।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आदित्य दुबे के अलावा आजाद तिवारी, शशिकांत दुबे, रवि मिश्रा, लक्ष्मण दुबे, सुदर्शन यादव, सौरभ दुबे, शेखू, विजय यादव, विकास यादव, शिवम दुबे, उत्सव दुबे, आरोही दुबे, उद्देश्य यादव, राजेश पंडित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...