खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवदाता- मुकेश कुमार मिश्रा/चुटिया/रोहतास:
चुटिया थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी के लापता होने और शादी की नीयत से उसके अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने चुटिया थाने में आवेदन देकर परछा गांव निवासी युवक नौशाद अंसारी पर अपनी नाबालिग पुत्री को शादी की नीयत से अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, किशोरी दो अगस्त को घर से किसी काम के लिए निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में करीब छह दिनों तक किशोरी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
लगातार तलाश के बाद भी किशोरी का पता नहीं चलने पर उसके पिता ने शनिवार को चुटिया थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया। आवेदन में उन्होंने परछा गांव के युवक नौशाद अंसारी पर किशोरी को शादी की नीयत से अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी की तलाश के साथ-साथ नामजद युवक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। परिजनों से पूछताछ करने के अलावा पुलिस मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
चुटिया थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि किशोरी के पिता की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है। किशोरी की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और किशोरी के बरामद होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment