⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- बाइक की तेज रफ्तार ने ली महिला की जान, चालक भी गंभीरl


(काजीपुर गांव के समीप मुख्य सड़क पर हुआ हादसा, इलाज के लिए ले जाने के दौरान महिला ने तोड़ा दम) 

खबर: तहलका आवाज | आपकी आवाजl

संवदाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:

नौहट्टा थाना क्षेत्र के बंका मोड़ से थोड़ी दूरी पर काजीपुर गांव के समीप मुख्य सड़क पर शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल नौहट्टा पहुंचाया।

मृतका की पहचान आनंदीचक गांव निवासी महेंद्र पासवान की पत्नी उषा कुँअर (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बाइक चालक की पहचान पड़रिया गांव निवासी प्रकाश साह के रूप में बताई जा रही है।

खेत से काम कर लौट रही थी महिला

ग्रामीणों के अनुसार उषा कुँअर धान के खेत में काम करने के बाद सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान बंका मोड़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाइक चालक प्रकाश साह भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उठाकर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल नौहट्टा पहुंचाया।

गंभीर हालत में किया गया रेफर, रास्ते में मौत

रेफरल अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। महिला उषा कुँअर की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। परिजन महिला को इलाज के लिए लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

बाइक चालक की हालत भी गंभीर

हादसे में घायल बाइक चालक प्रकाश साह की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। रेफरल अस्पताल नौहट्टा में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे भी बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। बताया जाता है कि बाइक चालक पड़रिया गांव का रहने वाला है।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में की मदद

घटना की सूचना मिलते ही नौहट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई अमित कुमार ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस बल के सहयोग से घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि मामले में आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया की जाएगी।

पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए दुर्घटना वाले स्थान पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...