खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
शंकर कुमार गौंड/सासाराम/रोहतास:
जन सुराज पार्टी रोहतास के पूर्व जिला महामंत्री एवं पूर्व पार्षद नगर निगम सासाराम अतेंद्र कुमार सिंह ने गौरक्षणी स्थित शहीद निशान सिंह पुस्तकालय एवं पूरे परिसर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने सासाराम नगर निगम के नगर आयुक्त विकास कुमार से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
अतेंद्र कुमार सिंह ने नगर आयुक्त से निशान सिंह पुस्तकालय के समीप गंदगी और गोबर स्टोर किए जाने पर तत्काल रोक लगाने, समुचित सफाई व्यवस्था कराने तथा पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद निशान सिंह की उपेक्षा बेहद निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में सिपाहियों का सफल नेतृत्व करने के कारण अंग्रेजों ने शहीद निशान सिंह को तोप के मुंह पर बांधकर उड़ा दिया था। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी की शहादत स्थल की वर्तमान दुर्दशा दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
पूर्व पार्षद ने कहा कि यह स्थल ऐतिहासिक धरोहर होने के साथ-साथ युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र भी है, इसलिए इसकी नियमित देखरेख और संरक्षण आवश्यक है।
वहीं नगर आयुक्त विकास कुमार ने अतेंद्र कुमार सिंह को आश्वासन दिया कि बहुत जल्द पूरे परिसर की साफ-सफाई कराकर सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा।

Post a Comment