(तिउरा गांव में भूमि विवाद के बाद BNSS की धारा 126 एवं 170 के तहत एहतियाती कदम, थाना अध्यक्ष बोले— शांति बनाए रखना प्राथमिकता)
खबर | Tahalka Aawaz – आपकी आवाज
संवाददाता: मुकेश कुमार मिश्रा | नौहट्टा (रोहतास)
रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत चुटिया थाना क्षेत्र के तिउरा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच उत्पन्न तनाव को देखते हुए पुलिस ने एहतियाती कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 170 के तहत दोनों पक्षों के पांच लोगों को न्यायालय में बांड भरने के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए चुटिया थाना पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और कानूनी प्रक्रिया अपनाई।
कार्रवाई के तहत पहले पक्ष से श्याम सुन्दर प्रजापति, सरवन प्रजापति एवं मिथलेश प्रजापति को न्यायालय बांड भरने के लिए भेजा गया। वहीं दूसरे पक्ष से अवधेश प्रजापति एवं नंदू प्रजापति को भी न्यायालय में बांड की प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रस्तुत किया गया।
चुटिया थाना अध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि भूमि विवाद के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 170 के तहत एहतियाती कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है तथा दोनों पक्षों को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
थाना अध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार के भूमि विवाद या अन्य विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय प्रशासन एवं न्यायालय का सहारा लें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment