खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
प्रतापगढ़/उत्तर प्रदेश:
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब एक ट्रक चालक ने पकड़े जाने के डर से ट्रक को सीधे रेलवे ट्रैक पर दौड़ा दिया। चालक करीब दो किलोमीटर तक रेलवे लाइन पर ट्रक भगाता रहा। आखिरकार ट्रक गिट्टियों में फंस गया, जिसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इस घटना से करीब चार घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा और कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
घटना आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के नीमा गोपालपुर हाल्ट के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ढकवा पट्टी मार्ग पर तेज रफ्तार से जा रहा ट्रक किसी सड़क हादसे के बाद मौके से भाग रहा था। स्थानीय लोग उसका पीछा कर रहे थे। इसी दौरान चालक नीमा गोपालपुर हाल्ट के पास पहुंचा, जहां रेलवे फाटक बंद था और सड़क पर भारी वाहनों की कतार लगी थी। खुद को घिरता देख चालक ने ट्रक को सड़क से उतारकर सीधे रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ट्रैक पर ट्रक दौड़ाते हुए करीब दो किलोमीटर तक आगे बढ़ा। हालांकि कुछ दूरी पर ट्रक रेलवे लाइन की गिट्टियों में धंस गया और रुक गया। इसके बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।
घटना की सूचना मिलते ही नीमा गोपालपुर हाल्ट के गेटमैन विजेंद्र कुमार पटेल ने तत्काल कोइरीपुर रेलवे स्टेशन को जानकारी दी। इसके बाद रेलवे अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। इस दौरान करीब चार घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा तथा तीन ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। बाद में ट्रैक खाली होने के बाद रेल सेवा बहाल कर दी गई।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रक पर दिल्ली का नंबर दर्ज है। ट्रक को कब्जे में लेकर जीआरपी को सौंप दिया गया है। वाहन मालिक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक किसी सड़क दुर्घटना के बाद भाग रहा था।
इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि उस समय ट्रैक पर कोई ट्रेन आ जाती, तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।

Post a Comment