खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवदाता- लाल सागर/नई दिल्ली:
यमन के तट के पास लाल सागर में भारतीय ध्वज वाले एक वाणिज्यिक जहाज एमएसवी फैज नूर ओलिया (MSV Faize Noore Oliya) पर हुए हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और अंततः वह समुद्र में डूब गया। घटना के समय जहाज पर 13 भारतीय नागरिकों सहित कुल 14 क्रू सदस्य सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया और उन्हें यमन के मोखा (Mocha) बंदरगाह पहुंचाया गया।
विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा की
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि भारत 4 अगस्त 2026 को यमन के तट के पास भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता है। उन्होंने बताया कि सभी 13 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और यमनी अधिकारियों के साथ समन्वय कर सभी भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है। भारत ने इस बचाव अभियान में सहयोग के लिए यमनी अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।
लाल सागर में बढ़ते हमलों पर जताई चिंता
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि लाल सागर क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। भारत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान करते हुए ऐसे हमलों पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल का बयान
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत इस निहत्थे और असुरक्षित भारतीय जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता है।
उन्होंने बताया कि यमनी कोस्ट गार्ड ने सभी 14 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचाकर मोखा बंदरगाह पहुंचाया है। मंत्री ने कहा कि उन्होंने महानिदेशक, समुद्री प्रशासन (DGMA) को निर्देश दिया है कि क्षेत्र में कार्यरत भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं और बचाए गए क्रू सदस्यों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जहाज को नहीं बचाया जा सका
हमले के बाद जहाज में लगी आग तेजी से फैल गई, जिसके कारण उसे बचाया नहीं जा सका और वह लाल सागर में डूब गया। हालांकि समय रहते बचाव अभियान चलाकर सभी नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा मानवीय हादसा टल गया।
(तहलका आवाज | आपकी आवाज)

Post a Comment