⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- पंडुका पहाड़ी पर टूटा धनहरा नदी का पुल, कई गांवों का संपर्क प्रभावित; ग्रामीणों ने अविलंब नए पुल निर्माण की उठाई मांगl

खबर:तहलका आवाज | आपकी आवाज

संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:

पंडुका पहाड़ी के समीप धनहरा नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त होकर पूरी तरह टूट जाने से जंगल के रास्ते अकबरपुर–बौलिया–चुटिया होते हुए जरादाग जाने वाले मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। पुल टूटने के कारण इस मार्ग से प्रतिदिन आने-जाने वाले ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों तथा छोटे-बड़े वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नया पुल नहीं बनाया गया तो बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाएगी।

ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। पुल टूट जाने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे समय के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। खासकर स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, किसानों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बरसात के मौसम को देखते हुए ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान धनहरा नदी का जलस्तर बढ़ने पर इस रास्ते से गुजरना पूरी तरह असंभव हो जाएगा। ऐसे में जंगल के रास्ते चुटिया और आसपास के गांवों तक पहुंचना जोखिम भरा हो सकता है तथा आपातकालीन स्थिति में लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

एमएलसी प्रतिनिधि भानु मिश्रा, मुखिया अरुण चौबे, तिउरा पंचायत के समाजसेवी मुराद अख्तर, भाजपा नेता बबलू पाठक, मुमताज़ अंसारी, वार्ड प्रतिनिधि राकेश चौबे, दीपक सिंह तथा संतोष गुप्ता ने पुल टूटने पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की जीवनरेखा है। उन्होंने संबंधित विभाग से अविलंब पुल निर्माण कराने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि जनहित को देखते हुए धनहरा नदी पर नए पुल का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उनका कहना है कि इससे पंडुका पहाड़ी की तराई में बसे गांवों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
 

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...