खबर: तहलका आवाज आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/रोहतास:
रोहतास जिले में पेयजल एवं सीवरेज से जुड़ी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने समाहरणालय में जल संसाधन विभाग (डब्लूआरडी) के अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न पेयजल एवं सीवरेज परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विभागीय अभियंताओं ने जिला पदाधिकारी को जानकारी दी कि जिले में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। साथ ही पेयजल ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण तथा शहर में जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी तय योजना के अनुसार किया जा रहा है। अधिकारियों ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, शेष कार्यों और आगामी कार्ययोजना से भी अवगत कराया।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने के दौरान आम लोगों को होने वाली परेशानियों को यथासंभव कम रखा जाए। उन्होंने कहा कि सड़क खुदाई, यातायात व्यवस्था और स्थानीय नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि विकास कार्यों के साथ-साथ जनजीवन भी प्रभावित न हो।
डीएम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य के दौरान यदि किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजनाओं की प्रगति किसी भी स्तर पर बाधित न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने, कार्यों की सतत निगरानी रखने तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर बल दिया।
बैठक में नगर निगम सासाराम के नगर आयुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जल संसाधन विभाग के अधिकारी एवं अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
तहलका आवाज के लिए यह बैठक जिले में बेहतर पेयजल व्यवस्था, आधुनिक सीवरेज प्रणाली और शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

إرسال تعليق