खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा (रोहतास):
रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। काजीपुर-नवारा रोड पर तेज रफ्तार जेसीबी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
मृतक की पहचान सियरूआ नावाडीह निवासी शिवशंकर चौधरी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवशंकर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आरोप है कि हादसे के बाद जेसीबी पर सवार चार लोगों ने मानवता की सारी हदें पार करते हुए शव को सड़क से करीब 100 मीटर दूर खेत में फेंक दिया, ताकि दुर्घटना को छिपाया जा सके।
महिलाओं ने देखा तो खुली पोल
बताया जाता है कि पास के उल्ली गांव की कुछ महिलाएं वहां से गुजर रही थीं। उन्होंने कुछ लोगों को शव ले जाकर खेत में फेंकते देखा तो शोर मचा दिया। महिलाओं के हल्ला करते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी पूरे इलाके में फैल गई।
जेसीबी छोड़कर चालक फरार
ग्रामीणों के अनुसार हादसे के बाद चालक जेसीबी को घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर सोन नदी किनारे स्थित मंदिर के पास खड़ा कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही नौहट्टा थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव तथा जेसीबी को कब्जे में लेने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पुलिस से तीखी नोकझोंक
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। लोगों का आरोप था कि जेसीबी मालिक को बचाने की कोशिश की जा रही है। भीड़ ने मांग की कि पहले जेसीबी मालिक को मौके पर बुलाया जाए, उसके बाद ही शव उठाया जाएगा। इस दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि कुछ लोगों ने पुलिस वाहन के चालक के साथ हाथापाई की भी कोशिश की।
रात 11 बजे पहुंचे SDPO, तब संभले हालात
स्थिति बिगड़ती देख रोहतास SDPO-2, अन्य थानों की पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल रात करीब 11 बजे मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने काफी देर तक ग्रामीणों और परिजनों को समझाया। लंबी बातचीत और आश्वासन के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इलाके में दहशत, कार्रवाई की मांग
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, जेसीबी मालिक पर सख्त कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक व अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

إرسال تعليق