खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास;
(नौहट्टा थाना क्षेत्र के बौलिया गांव का रहने वाला था 28 वर्षीय आशुतोष कुमार गौरव, बहन से आखिरी बार हुई थी बात, 4 हजार रुपये भेजने के कुछ देर बाद बंद हो गया मोबाइल)
रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत बौलिया गांव निवासी 28 वर्षीय आशुतोष कुमार गौरव की हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में हत्या कर दिए जाने की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया है। इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक के दादा एवं पूर्व उप प्रमुख पट्टू प्रसाद ने बताया कि गुरुवार सुबह उन्हें आशुतोष की हत्या की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिवार के पांच-छह सदस्य तत्काल वाहन से हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए, ताकि वहां पहुंचकर मामले की जानकारी ले सकें और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सकें।
परिजनों के अनुसार आशुतोष अपने बड़े भाई अजीत कुमार के साथ हिमाचल प्रदेश के बद्दी (बरोटीवाला क्षेत्र) स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बुधवार रात उसकी अपनी बहन पूजा से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान आशुतोष ने किसी परिचित व्यक्ति को मोबाइल के माध्यम से 4,000 रुपये भेजने के लिए कहा था। रुपये भेजने के कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल अचानक बंद हो गया, जिससे परिवार को कुछ आशंका तो हुई, लेकिन किसी ने इतनी बड़ी अनहोनी की कल्पना भी नहीं की थी।
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक मंदिर के पास खून से लथपथ हालत में एक युवक का शव देखा, जिसकी पहचान बाद में आशुतोष कुमार गौरव के रूप में हुई। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर निर्मम हत्या की है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
इधर, बौलिया गांव में जैसे ही आशुतोष की हत्या की खबर पहुंची, पूरे इलाके में मातम फैल गया। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
परिजनों ने हिमाचल प्रदेश पुलिस से निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि आशुतोष मेहनतकश और शांत स्वभाव का युवक था, जिसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में उसकी हत्या कई गंभीर सवाल खड़े कर frती है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

إرسال تعليق