⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- पहले ही प्रयास में नेवी SSR (अग्निवीर) में चयनित हुए नौहट्टा के अंकित कुमार, जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानितl


 

नौहट्टा (रोहतास)। प्रखंड मुख्यालय नौहट्टा के होनहार युवक अंकित कुमार ने भारतीय नौसेना में नेवी SSR (अग्निवीर) के तहत चयनित होकर अपने परिवार, गांव और पूरे प्रखंड का नाम रोशन किया है। अंकित की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक सफलता बताया है।

जानकारी के अनुसार अंकित कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नौहट्टा हाई स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एस.पी. जैन इंटर कॉलेज, सासाराम से आगे की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने अपने घर नौहट्टा में रहकर ही नौसेना भर्ती की तैयारी की। कठिन परिश्रम और लगन के बल पर उन्होंने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल करते हुए नेवी SSR (अग्निवीर) भर्ती परीक्षा में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

बताया जाता है कि अंकित ने प्री परीक्षा वर्ष 2025 तथा मुख्य परीक्षा मई 2026 में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। इसके बाद 23 जून 2026 को जारी अंतिम परिणाम में उनका चयन भारतीय नौसेना के लिए हुआ। जैसे ही चयन की सूचना गांव और क्षेत्र के लोगों को मिली, बधाइयों का तांता लग गया।

अंकित कुमार के दादा बिरजू प्रजापति, पिता संतोष प्रजापति एवं माता रूपा देवी ने बेटे की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद परिवार ने हमेशा बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य को प्राथमिकता दी। अंकित परिवार के सबसे बड़े पुत्र हैं। उनके दो छोटे भाई और एक बहन हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि अंकित शुरू से ही अनुशासित और मेहनती रहे हैं तथा देश सेवा का सपना देखते थे।

अंकित की इस उपलब्धि पर नौहट्टा के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अंकित की सफलता नौहट्टा क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

सम्मान समारोह में प्रखंड क्रियान्वयन समिति अध्यक्ष दीपक कुमार चौबे, रमेश गुप्ता, पैक्स अध्यक्ष दीपक दुबे, कमलेश गुप्ता, नौहट्टा सरपंच प्रतिनिधि सत्येन्द्र सिंह, अशोक कुमार गुप्ता, रामप्रताप ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अंकित कुमार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

तहलका आवाज ब्यूरो, नौहट्टा (रोहतास)

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...