⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा नौहट्टाl


(महादेव खोह, बुढ़वा महादेव व दसशीशानाथ मंदिर में भक्तों ने किया जलाभिषेक, हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजा क्षेत्र) 

खबर तहलका आवाज | आपकी आवाजl

संवदाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहता:

सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर सोमवार को नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह होते ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते महादेव खोह, बुढ़वा महादेव, दसशीशानाथ सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख शिव मंदिर श्रद्धालुओं से पट गए। मंदिरों में पूरे दिन “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारे गूंजते रहे।

सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर शिव भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, फूल, माला और अन्य पूजन सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

महादेव खोह में उमड़ा आस्था का सैलाब

नौहट्टा प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महादेव खोह में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा शिव भक्त पैदल एवं विभिन्न साधनों से महादेव खोह पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पहले झरने में स्नान किया और इसके बाद भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक किया।

झरने में स्नान करने और प्राकृतिक वातावरण के बीच भगवान शिव की पूजा करने को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह रहा। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। हर तरफ हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे सुनाई देते रहे।

बुढ़वा महादेव और दसशीशानाथ मंदिर में भी लगी कतार

सावन की दूसरी सोमवारी के मौके पर बुढ़वा महादेव और दसशीशानाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सुबह से ही भक्त मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते नजर आए। कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा की और बेलपत्र, दूध, जल एवं फूल अर्पित किए।

श्रद्धालुओं का कहना था कि सावन के सोमवार को भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के साथ लोगों ने भगवान भोलेनाथ के दरबार में माथा टेका और परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की।

व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे स्थानीय लोग

महादेव खोह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के सदस्यों ने व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। महादेव खोह आश्रम के सचिव राधा सूत सिन्हा ने बताया कि सोमवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। बड़ी संख्या में लोगों ने महादेव खोह के झरने में स्नान करने के बाद भगवान भोलेनाथ का दर्शन और जलाभिषेक किया।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए स्थानीय स्तर पर लगातार सहयोग किया गया, ताकि पूजा-अर्चना के दौरान किसी को परेशानी न हो।

पुलिस बल की रही तैनाती

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर स्थानीय थाना की पुलिस भी तैनात रही। पुलिस बल द्वारा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी रखी गई। भीड़ को नियंत्रित करने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से दर्शन कराने में पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने सहयोग किया।

महादेव खोह में मौके पर मनोज कुमार, पिंटू कुमार, विजय चंद्रवंशी, नौहट्टा थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार, दीपक कुमार, विजय मल कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे और व्यवस्था में सहयोग करते नजर आए।

सावन की दूसरी सोमवारी के मौके पर नौहट्टा प्रखंड का पूरा क्षेत्र दिनभर शिव भक्ति में डूबा रहा। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ भक्ति गीत और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और क्षेत्र में शांति की कामना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...