खबर: तहलका आवाज आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- पटना/ बिहार:
राजधानी पटना में चर्चित बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित जेपी गंगा पथ के पास पुलिस और आरोपी के बीच हुई कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, बंटी यादव हत्याकांड में फरार चल रहे रवीश उर्फ बीसी की लोकेशन मिलने के बाद विशेष टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस टीम जब आरोपी के करीब पहुंची तो उसने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपी को पकड़ने के लिए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रवीश उर्फ बीसी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि रवीश उर्फ बीसी बंटी यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी है और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई दिनों से लगातार छापेमारी कर रही थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में पहले से मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ के संबंध में भी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि राजधानी में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment