(चार वर्षों से जर्जर रसोईघर में बन रहा मध्याह्न भोजन, ग्रामीणों ने नए भवन और तत्काल मरम्मत की उठाई मांग)
तहलका आवाज | आपकी आवाज
पड़रिया, नौहट्टा (रोहतास)।
रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत तिउरा पंचायत के पड़रिया गांव स्थित उत्कर्मिक मध्य विद्यालय पंडरिया की बदहाल स्थिति शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। विद्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद मासूम बच्चों की पढ़ाई उसी भवन में कराई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत या नए भवन का निर्माण नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सोमवार को तहलका आवाज के संवाददाता मुकेश कुमार मिश्रा द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की दीवारों में दरारें, जगह-जगह से झड़ता प्लास्टर तथा कमजोर छत साफ दिखाई दी। भवन की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक न तो किसी अधिकारी और न ही जनप्रतिनिधि ने विद्यालय की जर्जर स्थिति पर गंभीरता दिखाई है।
विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों और अभिभावकों के मन में हमेशा भय बना रहता है कि कहीं भवन का कोई हिस्सा अचानक गिर न पड़े। बावजूद इसके बच्चों की पढ़ाई उसी भवन में कराई जा रही है, जिससे उनकी सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।
शिक्षक भी बोलने से बचते रहेl
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षकों से भवन की स्थिति के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकांश शिक्षक इस विषय पर खुलकर कुछ भी कहने से बचते नजर आए। इससे यह भी सवाल उठता है कि आखिर इतनी गंभीर समस्या के बावजूद जिम्मेदार लोग चुप्पी क्यों साधे हुए हैं।
रसोईघर की हालत भी बेहद खराबl
विद्यालय में मध्याह्न भोजन तैयार करने वाला रसोईघर भी पूरी तरह जर्जर हो चुका है। भवन की छत क्षतिग्रस्त है और कई स्थानों पर ऊपर से खुला आसमान दिखाई देता है, जबकि नीचे फर्श भी टूट चुका है। ऐसे असुरक्षित भवन में प्रतिदिन बच्चों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा है।
विद्यालय की रसोइया राधिका कुंवर और तेतरी कुंवर ने बताया कि पिछले लगभग चार वर्षों से वे इसी जर्जर भवन में खाना बना रही हैं। कई बार भवन की मरम्मत और नए रसोईघर की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में भोजन बनाना और भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने विद्यालय भवन की मरम्मत के साथ-साथ नए रसोईघर के निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों ने की प्रशासन से मांगl
ग्रामीण ददन मिश्रा, हरिशंकर मिश्रा, बबलू मिश्रा' मुरारी मिश्रा, लक्ष्मण मिश्रा, सहित बच्चों के अभिभावकों ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि विद्यालय भवन एवं रसोईघर का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए। यदि भवन उपयोग योग्य नहीं है तो बच्चों की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए तथा नए विद्यालय भवन और आधुनिक रसोईघर का शीघ्र निर्माण कराया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन नहीं चेता तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
— तहलका आवाज | आपकी आवाज

Post a Comment