खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता - मुकेश कुमार मिश्रा/दारानगर/नौहट्टा/रोहतास:
(धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने पर जोर, मेला परिसर में शराब, गांजा, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट, पान व प्रतिबंधित पॉलिथीन की बिक्री पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध)
कैमूर पहाड़ी की प्राकृतिक वादियों के बीच स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल महादेव खोह में एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को आश्रम परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आश्रम के संचालक राधासुत सिन्हा ने की। बैठक में मेला से जुड़े दुकानदारों, समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
बैठक में श्रावणी मेले को धार्मिक मर्यादा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के साथ सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। आश्रम के संचालक राधासुत सिन्हा ने कहा कि महादेव खोह आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां सावन महीने में रोहतास सहित बिहार, झारखंड और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मेले की पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेले में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ, शराब, गांजा, पान, गुटखा, बीड़ी एवं सिगरेट की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सभी दुकानदारों ने सर्वसम्मति से इस निर्णय का समर्थन करते हुए इसका पालन करने का संकल्प लिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मेले में साबुन एवं शैम्पू की बिक्री भी नहीं की जाएगी, ताकि प्राकृतिक जल स्रोतों एवं आसपास के पर्यावरण को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। साथ ही प्रतिबंधित पॉलिथीन, प्लास्टिक के गिलास, कटोरी, पत्तल एवं अन्य एकल उपयोग वाले प्लास्टिक सामग्री के उपयोग पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। समिति ने निर्णय लिया कि जंगल में स्थित किसी भी पेड़-पौधे को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा और न ही उनकी कटाई या छेड़छाड़ की जाएगी। सभी लोगों से हरियाली एवं प्राकृतिक संपदा की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा पर भी विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सभी दुकानदार एवं स्वयंसेवक सहयोगपूर्ण व्यवहार करेंगे तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देंगे, ताकि श्रावणी मेला शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में विजय गुप्ता, धर्मेंद्र मेहता, बिनोद साह, संजय साह, संतोष उरांव सहित कई दुकानदार, समिति के सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment