खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
(नवयुवक कमिटी व ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से बदली धार्मिक स्थल की तस्वीर, प्रशासन से सरकारी भूमि की शीघ्र मापी कराने की मांग)
नौहट्टा प्रखंड के तिउरा पंचायत अंतर्गत पड़रिया गांव स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र हुलस ब्रह्म बाबा परिसर का स्वरूप अब पूरी तरह बदल चुका है। नवयुवक कमिटी पड़रिया, गांव के गार्जियनों के मार्गदर्शन तथा समस्त ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से चबूतरे का जीर्णोद्धार कार्य लगभग पूरा हो गया है। आकर्षक टाइल्स, नया चापाकल और मजबूत रेलिंग के निर्माण के बाद धार्मिक स्थल पहले की तुलना में कहीं अधिक सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आ रहा है। इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से चबूतरा जर्जर अवस्था में था। जगह-जगह टूट-फूट होने के कारण श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। परिसर की स्थिति भी बदहाल हो गई थी। ऐसे में गांव के युवाओं ने पहल करते हुए बड़े-बुजुर्गों के मार्गदर्शन में चबूतरे के जीर्णोद्धार का संकल्प लिया। इसके बाद गांव के प्रत्येक परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग, श्रमदान और अन्य आवश्यक सहायता देकर इस धार्मिक कार्य को सफल बनाया।
जीर्णोद्धार के दौरान चबूतरे पर आकर्षक टाइल्स बिछाई गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नया चापाकल लगाया गया है, जबकि सुरक्षा एवं सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए मजबूत रेलिंग का निर्माण भी कराया गया है। इन कार्यों के बाद हुलस ब्रह्म बाबा परिसर की पहचान पूरी तरह बदल गई है और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने लगी हैं।
नवयुवक कमिटी पड़रिया के सदस्यों ने बताया कि यह अभियान किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि गांव की धार्मिक आस्था को मजबूत करने, सामाजिक एकता को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर धार्मिक स्थल विकसित करने के उद्देश्य से चलाया गया। उन्होंने कहा कि पूरे गांव के सहयोग के कारण यह कार्य तय समय में पूरा होने की दिशा में सफलतापूर्वक आगे बढ़ा।
ग्रामीणों ने नवयुवक कमिटी की सराहना करते हुए कहा कि जब पूरा समाज एकजुट होकर किसी जनहित और धार्मिक कार्य का संकल्प लेता है, तो कठिन से कठिन लक्ष्य भी आसानी से हासिल हो जाता है। उन्होंने भविष्य में भी गांव के सामाजिक, धार्मिक और विकासात्मक कार्यों में इसी प्रकार सामूहिक भागीदारी बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
अब भूमि मापी के बाद चारदीवारी निर्माण की तैयारी
हुलस ब्रह्म बाबा परिसर के समग्र विकास की दिशा में नवयुवक कमिटी पड़रिया ने अगला कदम भी बढ़ा दिया है। समिति ने नौहट्टा के अंचलाधिकारी को आवेदन देकर धार्मिक स्थल की सरकारी भूमि की विधिवत मापी कराने की मांग की है। समिति का कहना है कि भूमि की सीमाएं स्पष्ट होने के बाद किसी प्रकार के विवाद की आशंका नहीं रहेगी और विकास कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सकेंगे।
समिति के सदस्यों ने बताया कि भूमि की सरकारी मापी पूरी होने के बाद परिसर में मिट्टी भराई कराई जाएगी तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए चारदीवारी का निर्माण भी ग्रामीणों के सहयोग से कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण स्थल की भूमि की मापी शीघ्र कराई जाए, ताकि प्रस्तावित विकास कार्य समय पर शुरू हो सकें। उनका विश्वास है कि प्रशासन के सहयोग और ग्रामीणों की एकजुटता से हुलस ब्रह्म बाबा परिसर भविष्य में क्षेत्र का एक आदर्श धार्मिक एवं सामाजिक केंद्र बनेगा, जहां श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और गांव की सांस्कृतिक विरासत भी सुरक्षित रहेगी।

Post a Comment