खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- गाजीपुर/उत्तर प्रदेश:
गाजीपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोडी खास गांव में चार वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तीन दिनों से लापता बच्चे का शव गुरुवार सुबह घर के पास स्थित झाड़ियों से बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने मृतक की दादी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जामवंत कुशवाहा के चार वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बच्चा सोमवार से लापता था, जिसके बाद भांवरकोल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने घर के पास झाड़ियों में बच्चे का शव देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि बच्चे की हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों और चोटों की वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्रारंभिक जांच में परिवार के लोगों ने मृतक की दादी पर हत्या का शक जताया। पुलिस के अनुसार संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि परिवार में पहले से विवाद चल रहा था, जिसकी भी जांच की जा रही है।
भांवरकोल थाना प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडे ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों की गहन जांच कर रही है। अभी जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद गोडी खास गांव में मातम पसरा हुआ है। मासूम की हत्या से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।

Post a Comment