खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/चेनारी/रोहतास:
ऑक्सीजन व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मेडिकल कैंप, हेल्पडेस्क और वाहनों पर प्रतिबंध समेत कई बड़े फैसलेl
श्रावण मास 2026 के दौरान रोहतास जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल गुप्ताधाम में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु दर्शन व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को चेनारी प्रखंड स्थित वन विश्रामागार बादलगढ़ में जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद डीएम ने अधिकारियों के साथ गुप्ताधाम का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सासाराम-1, गुप्ताधाम पूजा समिति के अध्यक्ष, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं गुप्ताधाम
गुप्ताधाम पूजा समिति के अध्यक्ष ने बैठक में बताया कि सावन के पूरे महीने प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए समिति बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करती है। इस पर डीएम ने सभी स्वयंसेवकों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि उनका पहचान-पत्र (आईडी कार्ड) जारी किया जा सके और वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर सकें।
गुफा में ऑक्सीजन व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता
गुप्ताधाम की संकरी गुफा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएम ने गुफा के अंदर पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध कराने तथा ऑक्सीजन क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
चार पहिया वाहनों की नो-एंट्री
श्रावण मेले के दौरान गुप्ताधाम क्षेत्र में चार पहिया एवं बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। केवल दोपहिया वाहनों को निर्धारित व्यवस्था के तहत प्रवेश की अनुमति होगी। आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की जाएगी ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
50 मीटर पहले होगी बैरिकेडिंग, दुकानों पर भी रोक
डीएम ने निर्देश दिया कि गुफा के प्रवेश द्वार से करीब 50 मीटर पहले बैरिकेडिंग कर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को नियंत्रित एवं सुरक्षित तरीके से गुफा में प्रवेश कराया जा सके। साथ ही गुफा से 50 मीटर की परिधि के भीतर किसी भी प्रकार की दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल रहेगा तैनात
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।
शौचालय, पेयजल और सफाई पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराने के लिए पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया। वहीं गुफा परिसर एवं आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बिजली विभाग को नंगे तार हटाने का निर्देश
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान डीएम ने बिजली विभाग के कनीय अभियंता को गुप्ताधाम क्षेत्र में जहां भी नंगे बिजली के तार हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
हेल्पडेस्क, कंट्रोल रूम और मेडिकल कैंप की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गुप्ताधाम परिसर में हेल्पडेस्क स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा अनुमंडल स्तर पर विभिन्न स्थानों पर कंट्रोल रूम संचालित होंगे। सिविल सर्जन को एम्बुलेंस उपलब्ध कराने एवं मेडिकल कैंप लगाने का निर्देश भी दिया गया ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन को समयबद्ध तैयारी पूरी करने का निर्देश
बैठक के अंत में डीएम दीपक कुमार मिश्र ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष चेनारी को निर्देश दिया कि श्रावण मेला शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन का लाभ मिल सके।
तहलका आवाज की नजर
श्रावण मास में गुप्ताधाम रोहतास ही नहीं, बल्कि बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन जाता है। इस बार जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, ऑक्सीजन व्यवस्था, यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर की जा रही व्यापक तैयारियां श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती हैं। तहलका आवाज श्रावण मेले की हर महत्वपूर्ण अपडेट आप तक लगातार पहुंचाता रहेगा।

Post a Comment