खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता - मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
(नवयुवक कमिटी और ग्रामीणों के सहयोग से चबूतरा, चापाकल, टाइल्स व रेलिंग का निर्माण, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद)
नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत तिउरा पंचायत के ग्राम पड़रिया स्थित प्राचीन हुलस ब्रह्म बाबा के स्थान का नवयुवक कमिटी पड़रिया एवं ग्राम के बड़े-बुजुर्गों के सहयोग और आशीर्वाद से व्यापक सौंदर्यीकरण कराया गया। इसके बाद 11 जुलाई 2026 से दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ, जिसका समापन 12 जुलाई 2026 को वैदिक मंत्रोच्चार, पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाबा स्थान पर चबूतरा, चापाकल, टाइल्स तथा सुरक्षा रेलिंग का निर्माण कराया गया। इस विकास कार्य से पूरे परिसर की सुंदरता, स्वच्छता और धार्मिक गरिमा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले बाबा का स्थान काफी नीचा होने के कारण वर्षा के दिनों में जलजमाव हो जाता था, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए नवयुवक कमिटी ने ग्रामीणों के सहयोग से पहले सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कराया और उसके बाद धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया।
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विधिवत पूजा-पाठ, अखंड कीर्तन तथा गाजे-बाजे के साथ भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। पूरे परिसर में दिनभर भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हुलस ब्रह्म बाबा के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूर्णाहुति के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने नवयुवक कमिटी पड़रिया की सराहना करते हुए कहा कि समिति ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचय दिया है। ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं धर्महित के कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अखिलेश मिश्रा, शेषनाथ मिश्रा, कृपानाथ मिश्रा, देव प्रकाश मिश्रा, नारद मुनि मिश्रा, राजेंद्र मिश्रा, बिपिन बिहारी मिश्रा, अगस्त मुनि मिश्रा, भगवान मिश्रा, संजय मिश्रा, बशीष्ट मिश्रा, अजेश मिश्रा, रंजय मिश्रा, रामसुरेश मिश्रा, रामनाथ मिश्रा, रामाधीन मिश्रा, सचितानंद मिश्रा सहित समस्त ग्रामीण जनता एवं नवयुवक कमिटी पड़रिया के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने हुलस ब्रह्म बाबा से गांव में सुख, शांति, समृद्धि एवं आपसी भाईचारे की कामना की।

Post a Comment