⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- जुलाई में भी सूनी पड़ी सोन नदी, मनोहर घाट पर पानी की कमी से बढ़ी सूखे की चिंता; धान की खेती पर मंडराया संकटl

 

खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 

संवादाता - मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:

(सामान्य से कम बारिश का दिखने लगा असर, किसानों ने सरकार से सिंचाई के वैकल्पिक इंतजाम की उठाई मांग)

रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड स्थित मनोहर घाट पर बहने वाली सोन नदी इस वर्ष जुलाई महीने में भी अपेक्षित जलस्तर तक नहीं पहुंच सकी है। जहां हर साल जून और जुलाई में मानसून की अच्छी बारिश के बाद सोन नदी उफान पर रहती थी, वहीं इस बार नदी का अधिकांश हिस्सा सूखी रेत और छोटे-छोटे जलधाराओं तक सिमटकर रह गया है। नदी का यह बदला स्वरूप स्थानीय किसानों और ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बन गया है।

मनोहर घाट पर दूर-दूर तक फैली रेत और कम जलस्तर इस बात की गवाही दे रहा है कि इस वर्ष मानसून की रफ्तार धीमी रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक सामान्य से काफी कम वर्षा होने के कारण सोन नदी में पर्याप्त पानी नहीं आ सका है। इसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ता दिखाई दे रहा है।

धान की खेती पर संकट गहराने लगा है। किसानों का कहना है कि इस क्षेत्र की खेती मुख्य रूप से मानसूनी बारिश और सोन नदी के पानी पर निर्भर करती है। समय पर पर्याप्त वर्षा नहीं होने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। यदि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो फसल उत्पादन में भारी गिरावट आ सकती है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ेगा।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो केवल खेती ही नहीं, बल्कि पेयजल, सिंचाई और पशुओं के लिए पानी की भी समस्या उत्पन्न हो सकती है। जल संकट गहराने से कृषि उत्पादन घटेगा और इसका असर बाजार में खाद्यान्न तथा सब्जियों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

स्थानीय लोगों ने सरकार और संबंधित विभागों से मांग की है कि संभावित सूखे की स्थिति को देखते हुए समय रहते सिंचाई के वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था की जाए। नहरों, सरकारी सिंचाई योजनाओं और अन्य जल स्रोतों को सक्रिय कर किसानों को राहत दी जाए, ताकि खेती प्रभावित न हो और भविष्य में जल संकट से निपटा जा सके।

फिलहाल मनोहर घाट पर सोन नदी का कम जलस्तर लोगों के बीच चिंता का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें मानसून की आगामी बारिश पर टिकी हैं, जिससे नदी का जलस्तर बढ़ने और किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...