खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/रोहतास:
रोहतास जिले के प्रसिद्ध पर्यटन एवं प्राकृतिक धरोहर मांझर कुंड में फैली गंदगी और वन क्षेत्र में नियमों के उल्लंघन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार तथा वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार ने संयुक्त रूप से मांझर कुंड का निरीक्षण किया और पूरे परिसर की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि पर्यटकों द्वारा जगह-जगह कूड़ा-कचरा फेंका गया है। वहीं वन क्षेत्र के भीतर गैस सिलेंडर भी बरामद हुआ, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि कुछ लोग प्रतिबंध के बावजूद जंगल क्षेत्र में खाना बना रहे थे। इस पर अधिकारियों ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे पर्यावरण और वन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।
डीएम दीपक कुमार मिश्र ने कहा कि वन क्षेत्र में खाना बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मांझर कुंड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विशेष सफाई अभियान चलेगा
निरीक्षण के बाद प्रशासन ने मांझर कुंड परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत पूरे क्षेत्र से कूड़ा-कचरा हटाया जाएगा तथा परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जाएगा। इस दौरान पर्यटकों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है।
डीएम ने बताया कि सफाई अभियान पूरी तरह समाप्त होने और व्यवस्था सामान्य होने के बाद ही मांझर कुंड को दोबारा आम पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
पर्यटकों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। प्लास्टिक, कचरा और अन्य अपशिष्ट खुले में न फेंकें तथा वन विभाग और प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन करें। प्रशासन ने कहा कि सभी के सहयोग से ही मांझर कुंड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है।
तहलका आवाज लगातार जिले की हर बड़ी खबर आप तक पहुंचाता रहेगा।
Post a Comment