खबर: तहलका आवाज आपकी आवाजl
प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
(योगदान के बाद कर्मचारियों से ली कार्यों की जानकारी, भूमि संबंधी मामलों के त्वरित समाधान का दिया भरोसा)
नौहट्टा अंचल कार्यालय में नवपदस्थापित अंचलाधिकारी (सीओ) मंजेश कुमार ने सोमवार को औपचारिक रूप से अपना योगदान देने के बाद कार्यालय के कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा अंचल कार्यालय के लंबित एवं नियमित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आम जनता को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
योगदान के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने अंचलाधिकारी मंजेश कुमार का अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर सभी ने उनसे क्षेत्र की लंबित राजस्व एवं भूमि संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई।
नवपदस्थापित अंचलाधिकारी मंजेश कुमार ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि अंचल कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का कार्य पारदर्शी एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा हो। उन्होंने कहा कि सबसे पहले वे पूरे अंचल क्षेत्र का भ्रमण कर स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लेंगे और आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित करेंगे, ताकि उनकी समस्याओं को समझकर प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन किया जाएगा। विशेष रूप से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, दाखिल-खारिज, जमाबंदी एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुखिया अरुण चौबे, बीस सूत्री अध्यक्ष दीपक चौबे, भाजपा नेता श्रीराम सिंह, बबलू पाठक, रामप्रवेश चंद्रवंशी, सत्यनारायण पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने अंचलाधिकारी का स्वागत करते हुए कहा कि नौहट्टा प्रखंड में भूमि एवं राजस्व से जुड़े कई मामले लंबे समय से लंबित हैं। ऐसे में लोगों को नए अंचलाधिकारी से काफी उम्मीदें हैं।
जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि मंजेश कुमार के नेतृत्व में अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनेगी। वहीं अंचलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा सभी मामलों का निष्पक्ष एवं नियमानुसार निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा।

Post a Comment