⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- प्रशिक्षण पूरा, फिर भी प्रमाण पत्र नहीं; पंचायत सचिवों के हस्ताक्षर के अभाव में भटक रहे ग्राम रक्षा दल के प्रशिक्षुl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 

प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/ रोहतास:

(एक माह से कार्यालयों के लगा रहे चक्कर, सैकड़ों प्रशिक्षुओं ने थाना, बीडीओ व पंचायती राज पदाधिकारी से लगाई गुहार)

प्रखंड क्षेत्र में ग्राम रक्षा दल के एक माह के प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बावजूद प्रशिक्षुओं को अब तक प्रशिक्षण प्रमाण पत्र नहीं मिल सका है। पंचायत सचिवों के हस्ताक्षर नहीं होने के कारण प्रमाण पत्र निर्गत नहीं हो पा रहा है। इससे नाराज प्रशिक्षु पिछले करीब एक माह से विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

सोमवार को ग्राम रक्षा दल की प्रखंड उपाध्यक्ष पूजा कुमारी की अध्यक्षता में सैकड़ों प्रशिक्षु नौहट्टा थाना पहुंचे। इसके बाद उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) तथा प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) से मुलाकात कर जल्द से जल्द प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की। प्रशिक्षुओं ने अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद भी प्रमाण पत्र नहीं मिलने से उन्हें नौकरी एवं अन्य आवश्यक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशिक्षुओं ने बताया कि प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जारी करने के लिए संबंधित पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं। अधिकांश पंचायतों के मुखियाओं ने प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए हैं, लेकिन पंचायत सचिव हस्ताक्षर करने से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान वे हड़ताल पर थे, इसलिए वे प्रशिक्षण का सत्यापन नहीं कर सकते।

ग्राम रक्षा दल की प्रखंड उपाध्यक्ष पूजा कुमारी एवं प्रशिक्षु शैलेंद्र सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल को नौहट्टा के टीपा स्टेडियम में अधिकारियों की मौजूदगी में प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ था। यह प्रशिक्षण लगातार एक माह तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी को उम्मीद थी कि शीघ्र ही प्रमाण पत्र मिल जाएगा, लेकिन पंचायत सचिवों के हस्ताक्षर नहीं होने से पूरा मामला अटक गया है।

प्रशिक्षुओं ने कहा कि प्रशिक्षण प्रशासन की देखरेख में आयोजित हुआ था। ऐसे में यदि किसी कारणवश पंचायत सचिव हस्ताक्षर नहीं कर रहे हैं, तो प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था कर प्रमाण पत्र जारी कराना चाहिए, ताकि प्रशिक्षुओं का भविष्य प्रभावित न हो।

इस संबंध में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी ममता कुमारी ने बताया कि प्रशिक्षण के समय उनकी नौहट्टा में पदस्थापना नहीं थी। पंचायत सचिवों का कहना है कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान वे हड़ताल पर थे। उन्होंने कहा कि उस समय जिस अधिकारी के पास प्रभार था, उन्हें पूरे मामले की जानकारी देकर आवश्यक निर्देश प्राप्त किए जाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि जो भी नियमानुसार संभव होगा, वही किया जाएगा और किसी भी प्रशिक्षु को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

प्रशिक्षुओं ने प्रशासन से शीघ्र समाधान निकालकर लंबित प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...