⚡ ब्रेकिंग News

रोहतास- वज्रपात की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातमl


 (रोहतासगढ़ पंचायत के नागा टोली में बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल; मुआवजे की उठी मांग) 

खबर तहलका आवाज आपकी आवाजl

चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/रोहतासगढ़ (रोहतास) |

रोहतास प्रखंड के रोहतासगढ़ पंचायत अंतर्गत नागा टोली में सोमवार को आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महबीर यादव (पिता–रामशक्ल यादव) के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को क्षेत्र में बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में महबीर यादव आ गए। बिजली गिरने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि महबीर यादव मिलनसार और मेहनती स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे गांव में गहरा दुख और शोक व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक के आश्रितों को राज्य सरकार की आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र आर्थिक सहायता एवं अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवार को राहत मिल सके।

गौरतलब है कि मानसून के दौरान बिहार में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। मौसम खराब होने पर प्रशासन लोगों से खुले मैदान, खेत, ऊंचे पेड़ों तथा बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील करता रहा है। विशेषज्ञ भी गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह देते हैं, जिससे ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...