⚡ ब्रेकिंग News

रोहतास- नीलम आनंद के जन्मोत्सव पर शिव शिष्यों ने किया भव्य वृक्षारोपण, 'वृक्ष लगाओ–जीवन बचाओ' का दिया संदेशl


 (जमुआं नावाडीह स्थित राधा कृष्ण सोसाइटी सह वृद्ध आश्रम में सैकड़ों शिव शिष्य परिवारों ने लगाए फलदार एवं छायादार पौधे, गुरु महादेव की चर्चा के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम) 

तहलका आवाज l आपकी आवाजl 
चीफ एडिटर: रवि प्रकाश दुबे/जमुआं नावाडीह/(रोहतास):

रोहतास प्रखंड के जमुआं नावाडीह स्थित राधा कृष्ण सोसाइटी सह वृद्ध आश्रम परिसर में शिव शिष्य परिवार के जनक के रूप में सम्मानित दीदी नीलम आनंद के जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर रोहतास शिव कार्य समिति के तत्वावधान में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रोहतास जिला कार्य समिति के पदाधिकारियों एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों शिव शिष्य परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सभी ने "वृक्ष लगाओ–जीवन बचाओ" का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान आम, अमरूद, नींबू, शरीफा, कटहल सहित कई प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का सामूहिक रूप से रोपण किया गया। उपस्थित शिव शिष्यों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प भी लिया। पूरे आयोजन में प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और मानव जीवन में वृक्षों के महत्व पर विशेष बल दिया गया।
रोहतास जिला कार्य समिति के सदस्य एवं जिला संयोजक रामू सिंह ने कहा कि पूज्य साहब हरिंद्रानंद और दीदी नीलम आनंद ने अपने जीवनकाल में प्रत्येक शिव शिष्य परिवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाने की प्रेरणा दी थी। उनके बताए आदर्शों का अनुसरण करते हुए आज भी शिव शिष्य परिवार प्रतिवर्ष साहब हरिंद्रानंद एवं दीदी नीलम आनंद के जन्मोत्सव पर वृक्षारोपण कर समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में गुरु का महत्व मानव जीवन में सर्वोपरि है। गुरु ही मनुष्य को सही मार्ग दिखाते हैं और जीवन को सार्थक बनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि भगवान शिव को अपना गुरु बनाकर उनके बताए मार्ग पर चलें और अपने जीवन को धन्य बनाएं।
जिला कार्य समिति की सदस्य रीमा देवी ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का अभिन्न अंग हैं। इनके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, फल, छाया और पर्यावरण का संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम में उपस्थित शिव शिष्य परिवार के सदस्यों ने गुरु महादेव की महिमा का गुणगान करते हुए आध्यात्मिक चर्चा में भाग लिया। सामूहिक प्रार्थना एवं गुरु वंदना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की सुरक्षा और समाज में हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में नौहट्टा एवं रोहतास प्रखंड सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिव शिष्य परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का वातावरण आध्यात्मिक आस्था, सेवा, समर्पण और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से ओत-प्रोत रहा।
अंत में सभी श्रद्धालुओं ने एक स्वर में कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि मानव जीवन और प्रकृति के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...