खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
दारानगर पंचायत के अंबेडकर चौक स्थित कब्रिस्तान एवं उसके समीप स्थित महावीर मंदिर परिसर में फैली गंदगी, अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों को लेकर पंचायत के उपमुखिया गुलबहार खान ने जिलाधिकारी को आवेदन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
उपमुखिया ने अपने आवेदन में बताया कि दारानगर कब्रिस्तान की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से दुकानें लगाकर अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे न केवल कब्रिस्तान की पवित्रता प्रभावित हो रही है, बल्कि अकबरपुर–यदुनाथपुर मुख्य मार्ग भी संकरा हो गया है। यह मार्ग तीखे मोड़ पर स्थित होने के कारण यहां कई बार सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ असामाजिक तत्व कब्रिस्तान परिसर में शराब और गुटखा का सेवन करते हैं तथा खुले में शौच और पेशाब भी करते हैं। वहीं आसपास के ठेला एवं दुकानदार कचरा और जूठा सामान कब्रिस्तान परिसर में फेंक देते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी का अंबार लगा रहता है।
उपमुखिया ने यह भी बताया कि कब्रिस्तान के समीप स्थित भव्य महावीर मंदिर के बाहर भी लोगों द्वारा मवेशी बांध दिए जाते हैं, जिससे मंदिर परिसर में गंदगी फैल रही है। इससे पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उपमुखिया गुलबहार खान ने जिलाधिकारी से कब्रिस्तान की सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने तथा मंदिर और कब्रिस्तान परिसर की पवित्रता, स्वच्छता एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
तहलका आवाज | आपकी आवाज

Post a Comment