खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
प्रखण्ड संवादाता- राजपुर/रोहतास:
समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने तथा कन्या जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत राजपुर प्रखंड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 'बेटी जन्मोत्सव' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवजात बालिकाओं एवं उनकी माताओं का सम्मान कर समाज को यह संदेश दिया गया कि बेटी का जन्म किसी भी परिवार के लिए गर्व और खुशियों का अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक मो. शमीम अंसारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां परिवार, समाज और देश का भविष्य हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों के जन्म को पूरे उत्साह के साथ मनाएं तथा उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए समान अवसर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य संदेश "बेटी है तो कल है" है, जिसे प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक डॉ. फरहत दुरानी ने नवजात बालिकाओं की माताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं के बेहतर पोषण, नियमित टीकाकरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा महिलाओं से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी नवजात कन्याओं की माताओं को जिला प्रशासन की ओर से फलों की टोकरी, बेबी किट, जिला पदाधिकारी का शुभकामना संदेश तथा अल्पाहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह ने उपस्थित परिवारों के चेहरे पर खुशी ला दी और बेटी के जन्म को सामाजिक उत्सव का स्वरूप देने की पहल को और मजबूत किया।
जिला प्रशासन ने कहा कि बेटी का जन्म केवल एक परिवार की खुशी नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। शिक्षित, स्वस्थ और आत्मनिर्भर बेटियां ही मजबूत परिवार, समृद्ध समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला बनती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह बेटियों के अधिकारों की रक्षा करे और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराए।
महिला एवं बाल विकास निगम, रोहतास ने सभी जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इस जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया, ताकि समाज में बेटियों के सम्मान और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजपुर आंगनबाड़ी केंद्र की सेविकाओं के साथ महिला एवं बाल विकास निगम, रोहतास के सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

Post a Comment