खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता- रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/रोहतास:
सासाराम के चर्चित पायलट बाबा धाम के मुख्य प्रवेश द्वार के पास मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की खबर मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर मुफ़स्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय अभिजीत केडी, पिता मोहन केडी, निवासी एर्नाकुलम (केरल) के रूप में हुई है।
मुफ़स्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह और एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार युवक सोमवार रात धाम के पास पहुंचा था। पुलिस उसके आने-जाने और गतिविधियों की हर कड़ी की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने सोमवार रात करीब 10 बजे धाम के पास एक दुकान के बाहर बांस के सहारे फंदा लगाया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही होगा। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
गौरतलब है कि पायलट बाबा धाम पहले भी जमीन विवाद, उत्तराधिकारी विवाद और अन्य कारणों से चर्चा में रहा है। ऐसे में धाम के बाहर हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और सभी संभावित तथ्यों को खंगाल रही है।

Post a Comment