खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता- भभुआ (कैमूर)
पुलिस अधीक्षक, कैमूर द्वारा सोमवार, 13 जुलाई 2026 को कुछिला थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना के अपराध पंजी, विभिन्न अभिलेखों, केस डायरी के संधारण एवं लंबित मामलों की स्थिति का अवलोकन किया। साथ ही मालखाना का निरीक्षण कर जब्त सामानों के सुरक्षित रखरखाव एवं अभिलेखों के मिलान की जांच की। हाजत की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का भी जायजा लिया गया।
एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, आगंतुक कक्ष की व्यवस्था, पुलिस वाहनों की स्थिति तथा थाना परिसर में उपलब्ध अन्य प्रशासनिक संसाधनों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में आने वाले फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार, शिकायतों का त्वरित निष्पादन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख अद्यतन रखें, लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करें तथा आम जनता को बेहतर पुलिसिंग का अनुभव कराने के लिए संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें। साथ ही थाना परिसर की स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को हर समय दुरुस्त रखने पर विशेष बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर नियमित निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाना है, ताकि आम लोगों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

Post a Comment