⚡ ब्रेकिंग News

अब हेलीकॉप्टर से करें मां मुंडेश्वरी मंदिर और करमचट डैम की सैर, बिहार सरकार की 'संकल्प मुख्यमंत्री हेली-टूरिज्म योजना' का शुभारंभl



खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 
संवादाता - भभुआ/कैमूर:

बिहार सरकार ने धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 'संकल्प मुख्यमंत्री हेली-टूरिज्म योजना' की शुरुआत कर दी है। योजना का उद्घाटन सोमवार को माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस योजना के तहत राज्य के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कम समय में सुविधाजनक एवं यादगार यात्रा का अनुभव मिलेगा।
योजना के प्रथम चरण में पटना–राजगीर–मां मुंडेश्वरी मंदिर (कैमूर)–करमचट डैम हेलीपैड–पटना रूट को शामिल किया गया है। यह पहल कैमूर जिले के पर्यटन को नई पहचान देने के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हेली-टूरिज्म सेवा के माध्यम से पर्यटक एक ही यात्रा में विश्व के प्राचीनतम शक्तिपीठों में शामिल मां मुंडेश्वरी मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। इसके साथ ही करमचट डैम की प्राकृतिक सुंदरता का आकाशीय दृश्य देखने का भी अनूठा अवसर मिलेगा, जो इस यात्रा को और भी खास बनाएगा।
पर्यटन विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह हेलीकॉप्टर सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार संचालित होगी। हेलीकॉप्टर सुबह 11:00 बजे पटना से उड़ान भरकर कैमूर हेलीपैड पहुंचेगा। इसके बाद पर्यटकों को करमचट डैम का हवाई भ्रमण कराते हुए मां मुंडेश्वरी मंदिर के समीप स्थित हेलीपैड तक ले जाया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हेलीकॉप्टर दोपहर 12:45 बजे कैमूर से पटना के लिए वापस रवाना होगा।
प्रत्येक उड़ान में 10 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी। पटना से कैमूर (मां मुंडेश्वरी मंदिर–करमचट डैम सर्किट) तक यात्रा के लिए प्रति यात्री 6,000 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
पर्यटन विभाग ने बताया कि इस योजना की बुकिंग 13 जुलाई 2026 से शुरू हो रही है। इच्छुक पर्यटक बिहार पर्यटन विभाग के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर बुकिंग कर सकते हैं। वहीं, 18 जुलाई 2026 से हेली-टूरिज्म सेवा का औपचारिक संचालन शुरू हो जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस पहल से कैमूर जिले में धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, होटल, परिवहन और अन्य पर्यटन सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही मां मुंडेश्वरी मंदिर और करमचट डैम जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और अधिक मजबूत होगी।


 

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...