⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा - धान का खेत तैयार करते समय दिखा विशाल अजगर, ग्रामीणों में मचा हड़कंप; रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा l

 



नौहट्टा (रोहतास)। नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र के तिलोखर पंचायत में धान की खेती के लिए खेत तैयार करने के दौरान एक विशाल अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। खेत में काम कर रहे किसान और आसपास मौजूद लोग अजगर को देखकर भयभीत हो गए तथा सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल खेत से दूर हट गए। समय रहते स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दिए जाने के कारण अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार तिलोखर पंचायत निवासी संकर राम अपने खेत में धान की रोपनी की तैयारी के लिए जुताई एवं समतलीकरण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान खेत के बीचों-बीच एक विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही वहां काम कर रहे मजदूरों और आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए खेत में काम भी रोक दिया गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना तत्काल स्नेक सेवर सनोज पासवान की रेस्क्यू टीम को दी गई। सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची। रेस्क्यू टीम के सदस्य सतेंद्र सर ने पूरी सावधानी, धैर्य और सूझबूझ के साथ अजगर को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लिया। काफी मशक्कत के बाद सफल रेस्क्यू अभियान पूरा किया गया। इसके बाद अजगर को मानव आबादी से दूर सुरक्षित प्राकृतिक क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू टीम ने बताया कि बरसात के मौसम में खेतों, जलभराव वाले क्षेत्रों और झाड़ियों में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे समय लोगों को विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं भी सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास करें। ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है। तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। ग्रामीणों ने रेस्क्यू टीम की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि समय पर पहुंचकर टीम ने न केवल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि एक दुर्लभ वन्यजीव का जीवन भी बचाया। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में ऐसे रेस्क्यू अभियान लगातार चलाने और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की भी मांग की।

रिपोर्ट: मुकेश कुमार मिश्रा
Tahalka Aawaz आपकी आवाज

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...