⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- कैमूर पहाड़ी स्थित सोल्ली उप-स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम से अभद्रता, मारपीट की कोशिश शराब के नशे में धुत युवक पर एफआईआर दर्जl


 (ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्यकर्मी के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप, नौहट्टा थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज) 

खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाज l

संवदाता- मुकेश कुमार मिश्रा नौहट्टा (रोहतास)।

नौहट्टा थाना क्षेत्र के कैमूर पहाड़ी पर स्थित सोल्ली उप-स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी के दौरान एक एएनएम के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं मारपीट की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित स्वास्थ्यकर्मी की लिखित शिकायत पर नौहट्टा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोल्ली उप-स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एएनएम उर्मिला कुमारी (42 वर्ष), पति राजकिशोर सिंह, निवासी महुआ टोला, थाना पिरो, जिला भोजपुर, ने 25 जुलाई 2026 को नौहट्टा थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है।

आवेदन में उन्होंने बताया कि 24 जुलाई 2026 की रात लगभग 8 बजे वह सोल्ली उप-स्वास्थ्य केंद्र में अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान सोल्ली गांव निवासी अरुण (लगभग 35 वर्ष) कथित रूप से शराब के नशे में स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा और आते ही गाली-गलौज करने लगा।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट करने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया और बीच-बचाव का प्रयास किया गया, तब आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और धमकी भरे अंदाज में कहा कि "कुछ होने पर जेल जाना पड़ेगा, हम जेल होने वाले हैं।" इस घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर नौहट्टा थाना कांड संख्या 193/2026 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(3), 132, 221, 74, 79, 352, 351(2) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

नौहट्टा के थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसआई रविकांत कुमार को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर समय-समय पर चिंता जताई जाती रही है। ऐसे मामलों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...