खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजल
संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र की तिअरा खूर्द पंचायत के वार्ड संख्या-4 में पिछले एक महीने से बिजली का पोल गिरा होने के कारण ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। विभागीय लापरवाही के चलते अब बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़े हादसे से पहले बिजली विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
जानकारी के अनुसार, पिछले महीने आए तेज तूफान में वार्ड संख्या-4 का एक बिजली पोल गिर गया था। पोल गिरने के बाद बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई थी। ऐसे में स्थानीय लोगों ने अस्थायी व्यवस्था के तहत बिजली के तार को पास के एक महुआ के पेड़ से बांधकर बिजली आपूर्ति चालू कराई। हालांकि यह व्यवस्था पूरी तरह असुरक्षित मानी जा रही है।
बरसात शुरू होने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पेड़ में करंट आने की आशंका बनी रहती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। गांव के बच्चे, महिलाएं और मवेशी रोजाना इसी रास्ते से गुजरते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। पूर्व बीडीसी सुनील बैठा ने भी विभागीय अधिकारियों को मामले की जानकारी देते हुए शीघ्र नया पोल लगाने की मांग की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस संबंध में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर किसलय कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि गिरे हुए पोल को जल्द बदलकर नई व्यवस्था की जाएगी और समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए तत्काल नया पोल लगाकर सुरक्षित बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
तहलका आवाज क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाता रहेगा, ताकि आम लोगों की आवाज संबंधित विभागों तक पहुंचे और समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।

Post a Comment