⚡ ब्रेकिंग News

सासाराम- रोहतास डीएम दीपक कुमार मिश्र ने जनता दरबार में सुनीं 175 फरियादें, भूमि विवाद, सिंचाई और अतिक्रमण मामलों के त्वरित निपटारे के दिए निर्देशl


खबर:तहलका आवाज आपकी आवाजl

चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/सासाराम (रोहतास), 10जुलाई 2026 | 


रोहतास जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में 'सबका सम्मान – जीवन आसान (Ease of Living)' कार्यक्रम के तहत जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।

जनता दरबार के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी से स्वयं संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का शीघ्र, पारदर्शी एवं संवेदनशील समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

175 आवेदन हुए प्राप्त

जनता दरबार में कुल 175 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद, अतिक्रमण, सिंचाई, भू-अर्जन, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, सरकारी योजनाओं के लाभ, मुआवजा भुगतान सहित अन्य जनहित से जुड़े मामले प्रमुख रहे। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

खरीदी गई जमीन पर कब्जा रोकने की शिकायत

सासाराम नगर के गौरक्षणी वार्ड संख्या-12 निवासी अतुल्य कुमार सिंह ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर शिकायत की कि उनकी खरीदी गई भूमि पर कुछ असामाजिक तत्व दखल देने का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें कब्जा नहीं लेने दिया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम को तत्काल जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

किसानों ने उठाई सिंचाई व्यवस्था बहाल करने की मांग

चेनारी प्रखंड के मगजपुरा गांव निवासी नगीना बिन्द सहित अन्य किसानों ने आवेदन देकर आहर से जल निकासी कर सिंचाई व्यवस्था सुचारु कराने की मांग रखी। किसानों ने बताया कि जल निकासी नहीं होने के कारण खेती प्रभावित हो रही है। इस पर जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी, चेनारी को स्थल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महिला ने भूमि पर जबरन कब्जे की शिकायत की

सासाराम के तकिया वार्ड संख्या-11 निवासी मीना देवी ने मौजा कनसेरवा स्थित अपनी भूमि पर जबरन दखल देने के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचलाधिकारी, सासाराम को जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा पीड़िता को न्याय दिलाने का निर्देश दिया।

मुआवजा भुगतान पर रोक लगाने की मांग

अकोढ़ीगोला प्रखंड के बाँक गांव निवासी केदार सिंह ने मौजा बिसेनी कला स्थित भूमि के मुआवजा भुगतान पर रोक लगाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। जिला पदाधिकारी ने मामले की जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, रोहतास को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

समयबद्ध कार्रवाई पर डीएम का जोर

जनता दरबार के अंत में जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

तहलका आवाज जनता से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे पर आपकी आवाज बनकर निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरें लगातार प्रकाशित करता रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...