खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/ रोहतास:
आगामी श्रावणी मेला को लेकर सासाराम स्थित प्रसिद्ध माँ तारा चंडी मंदिर परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सासाराम की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) डॉ. नेहा कुमारी ने की, जबकि एसडीपीओ-1 बिपलब कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में मंदिर प्रबंधन समिति, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा शांति समिति के सदस्य शामिल हुए।
बैठक में श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पार्किंग की व्यापक समीक्षा की गई। एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।
एसडीपीओ-1 बिपलब कुमार ने कहा कि मेले के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस की नियमित गश्ती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने भी अपनी-अपनी ओर से सुझाव दिए। प्रशासन ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
श्रावणी मेला के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माँ तारा चंडी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने इस वर्ष भी सुरक्षा एवं सुविधा के व्यापक इंतजाम करने का निर्णय लिया है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में दर्शन-पूजन कर सकें।
तहलका आवाज | आपकी आवाज

Post a Comment