⚡ ब्रेकिंग News

राजस्थान - अलवर में 12वीं के दलित छात्र की अपहरण के बाद हत्या, फिरौती की साजिश नाकाम होने पर मारी गोली; 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तारl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 

विशेष संवादाता- अलवर/राजस्थान:

राजस्थान के अलवर जिले में 12वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र तुषार कुमार की अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या कर देने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने छात्र का अपहरण कर उसके पिता से फिरौती वसूलने की साजिश रची थी। लेकिन योजना के उजागर होने की आशंका के चलते उन्होंने तुषार की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक तुषार कुमार (16) पुत्र राजेश कुमार जाटव, मूल रूप से कठूमर क्षेत्र के तसई गांव का निवासी था। वह अलवर शहर की स्कीम नंबर-8 स्थित एक निजी विद्यालय में 12वीं कक्षा का छात्र था। परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से भूगोर स्थित ननिहाल में रह रहा था। तुषार के पिता खेती-बाड़ी करते हैं और पहले टेंट व्यवसाय से जुड़े थे। परिवार में उसकी दो छोटी बहनें भी हैं।

15-20 मिनट में लौटने की बात कहकर निकला था घर से

पुलिस ने बताया कि 14 जुलाई की शाम करीब 5 बजे तुषार भूगोर स्थित अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह 15-20 मिनट में वापस लौट आएगा। लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 15 जुलाई की शाम उसकी मां कुंती देवी ने अलवर के सदर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

जंगल में मिला गोली लगा शव

इसी बीच 15 जुलाई की सुबह नौगांवा थाना क्षेत्र के नेवाड़ा गांव के जंगल में एक फार्म हाउस के पास पहाड़ी पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शाम करीब छह बजे शव की पहचान तुषार कुमार के रूप में हुई। इसके बाद 16 जुलाई को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।

पोस्टमार्टम और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तुषार के सिर के पीछे से गोली मारी गई थी, जो सिर को चीरते हुए जबड़े में जाकर फंस गई थी। हत्या के बाद शव को जंगल में फेंक दिया गया था।

फिरौती की साजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि गांव का रहने वाला संजू उर्फ सूरज तुषार को बहला-फुसलाकर पहले काला कुआं क्षेत्र में उसके एक दोस्त के घर ले गया। इसके बाद वह उसे अपनी मौसी के गांव नेवाड़ा ले गया, जहां पहले से मौजूद नरेश के साथ मिलकर दोनों ने उसे बंधक बना लिया।

आरोपियों की योजना तुषार के पिता से फिरौती मांगने की थी, लेकिन उन्हें आशंका हुई कि उनकी पहचान उजागर हो सकती है। इसी डर से दोनों ने तुषार की गोली मारकर हत्या कर दी और शव जंगल में फेंक दिया।

24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर

नौगांवा थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी संजू उर्फ सूरज (28) पुत्र गिरिराज जाटव निवासी भूगोर और नरेश (32) पुत्र श्यामलाल जाटव निवासी नेवाड़ा को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है।

सोशल मीडिया से हुई शव की पहचान

तुषार के रिश्ते में मामा मनोज कुमार ने बताया कि 15 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने सोशल मीडिया पर नेवाड़ा के जंगल में एक युवक का शव मिलने की खबर देखी। शक होने पर उन्होंने शव के फोटो और वीडियो मंगवाए। तस्वीरें देखते ही उन्हें तुषार की पहचान हो गई। इसके बाद परिवार अस्पताल पहुंचा और पुलिस की मौजूदगी में शव की शिनाख्त की गई।

राजनीतिक प्रतिक्रिया भी आई सामने

घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस घटना को भाजपा सरकार के शासन में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती और फिरौती जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने सरकार पर अपराध रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री से जवाब मांगा।

वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि दलित छात्र की निर्मम हत्या पूरे समाज को झकझोर देने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता जा रहा है, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस कर रही आगे की जांच

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही फिरौती की पूरी योजना और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है। मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और शीघ्र न्याय की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...