(सरकारी जमीन पर कब्जे से गोदाम निर्माण अटका, किसानों के धान भंडारण में हो रही परेशानी)
खबर | तहलका आवाज | आपकी आवाज
संवाददाता: मुकेश कुमार मिश्रा तियरा खुर्द/नौहट्टा/रोहतास:
प्रखंड क्षेत्र के तीयरा खुर्द पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान पैक्स अध्यक्ष ऋषिकांत दुबे ने पैक्स गोदाम निर्माण के लिए एनओसी प्राप्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर अंचलाधिकारी को आवेदन सौंपा। उन्होंने कहा कि भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण गोदाम निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है, जिससे किसानों से खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पैक्स अध्यक्ष द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि थाना संख्या-626, खाता संख्या-95, प्लॉट संख्या-877 में स्थित 25 डिसमिल परती सरकारी भूमि में लगभग 1000 वर्ग मीटर भूमि पर पैक्स गोदाम निर्माण के लिए विभागीय स्तर से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) प्राप्त हो चुकी है। एनओसी मिलने के बाद संबंधित स्थल पर विभाग की ओर से सूचना बोर्ड भी लगाया गया था।
आवेदन में कहा गया है कि सरकार एवं सहकारिता विभाग द्वारा पैक्स गोदाम निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन उक्त भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य बाधित है। यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो किसानों को धान खरीद के मौसम में भंडारण की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ेगा।
पैक्स अध्यक्ष ऋषिकांत दुबे ने अंचलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर एनओसी प्राप्त भूमि को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है, ताकि पैक्स गोदाम का निर्माण कार्य शुरू हो सके और किसानों से खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment