⚡ ब्रेकिंग News

उत्तराखंड के जंगल में पेड़ से लटके मिले नवविवाहित दंपती के शव, 6 महीने पहले हुई थी शादी; गर्भवती थी पत्नी, निष्पक्ष जांच की मांगl

 


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 
विशेष संवादाता- अलवर/नौगांवा:

राजस्थान के अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र के गांव प्यारी बास शेखपुर निवासी नवविवाहित दंपती की उत्तराखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से दोनों परिवारों में मातम छा गया है। करीब छह माह पहले शादी के बंधन में बंधे सतविंदर सिंह और उनकी गर्भवती पत्नी अमनदीप कौर के शव उत्तराखंड के जंगल में एक पेड़ से लटके मिले। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है।
घर में आने वाली थीं खुशियां, लेकिन छा गया मातम
सतविंदर सिंह और अमनदीप कौर का विवाह इसी वर्ष जनवरी माह में हुआ था। शादी के बाद दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रूप से चल रहा था। अमनदीप गर्भवती थी और परिवार नए मेहमान के आने की तैयारी कर रहा था। लेकिन खुशियां आने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
सतविंदर स्नातक की पढ़ाई कर रहा था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी असामयिक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।
पत्नी को लेने उत्तराखंड गया था पति
जानकारी के अनुसार, अमनदीप करीब चार-पांच दिन पहले अपने मायके उत्तराखंड के प्रेमनगर गई थी। उसे वापस लाने के लिए सतविंदर 15 जुलाई को उत्तराखंड पहुंचा। अगले दिन 16 जुलाई को दोनों बाइक से मोबाइल ठीक कराने के लिए कोटद्वार जाने की बात कहकर निकले, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे।
जब दोनों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनके मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सड़क किनारे मिली बाइक, जंगल में मिले दोनों के शव
17 जुलाई को प्रेमनगर के एक व्यक्ति की नजर सड़क किनारे खड़ी एक बाइक पर पड़ी। बाइक में चाबी लगी हुई थी और उस पर एक महिला का बैग भी टंगा था। बाइक को पहचानने के बाद उसने परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। देर रात करीब एक बजे पुलिस को जंगल के भीतर एक पेड़ से दोनों के शव लटके हुए मिले।
बताया जा रहा है कि युवक का शव महिला के दुपट्टे से और महिला का शव युवक की दस्तार (पगड़ी) से लटका हुआ था। इस स्थिति ने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
शनिवार को दोनों शव अलवर के नौगांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए गए, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं था और वे सामान्य जीवन जी रहे थे। ऐसे में दोनों की एक साथ मौत कई सवाल खड़े कर रही है।
पुलिस ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
मामले की सूचना मिलने पर नौगांवा थाना प्रभारी हरदयाल सिंह यादव पुलिस टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों शव गांव ले जाए गए, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
पूरे गांव में शोक की लहर
इस घटना के बाद गांव प्यारी बास शेखपुर में शोक का माहौल है। हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि आखिर खुशहाल जीवन जी रहे इस नवविवाहित दंपती के साथ ऐसा क्या हुआ कि दोनों की जान चली गई। ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस से मामले की हर पहलू से जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...