⚡ ब्रेकिंग News

मध्यप्रदेश- दमोह में आधी रात जैन परिवार के घर बड़ी डकैती, 6 हथियारबंद बदमाश 20 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और ₹60 हजार नकद लूट ले गएl


खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

विशेष संवादाता- दमोह (मध्य प्रदेश):

(रात 1:30 बजे घर में घुसे बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाया, 35 मिनट तक हथियारों के बल पर मचाया आतंक, पुलिस जांच में जुटी)

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में रविवार तड़के एक जैन परिवार के घर हुई सनसनीखेज डकैती से इलाके में दहशत फैल गई। दमोह-छतरपुर हाईवे पर स्थित सूखी पिपरिया गांव में छह हथियारबंद बदमाशों ने रात करीब 1:30 बजे घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और करीब 35 मिनट तक हथियारों की नोक पर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित विजय जैन और उनकी पत्नी कीर्ति जैन ने बताया कि घटना के समय दोनों अपने तीन बच्चों—सिद्धार्थ, विजेता और वासु—के साथ मकान की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे, जबकि बड़े भाई का बेटा नीचे के कमरे में था। रात करीब 1:30 बजे दरवाजे पर जोरदार लात मारने की आवाज सुनाई दी। विजय जैन कुछ समझ पाते, उससे पहले छह हथियारबंद बदमाश घर के अंदर घुस आए।

बदमाशों ने विजय जैन के सिर पर कट्टे की बट से हमला कर दिया और उनके ही लोअर से हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद पत्नी कीर्ति जैन के हाथ चुन्नी से बांध दिए गए और गले पर चाकू रखकर घर में रखे जेवरात और नकदी के बारे में पूछताछ की गई। बदमाशों ने अलमारियां और पलंग पेटी की तलाशी ली तथा उसमें रखे कीमती सामान निकाल लिए।

इस दौरान जब बेटी विजेता की नींद खुली तो बदमाशों ने उसके ऊपर भी कट्टा तान दिया और धमकी दी कि यदि उसने शोर मचाया तो उसके पिता की हत्या कर देंगे। पूरे परिवार के सामने करीब 30 से 35 मिनट तक बदमाश घर में आराम से लूटपाट करते रहे और किसी को विरोध करने का मौका नहीं दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी परिवार के सभी मोबाइल फोन अपने साथ ले गए और बाहर से घर का दरवाजा बंद कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़ित परिवार ने बाहर निकलकर करीब एक किलोमीटर दूर रहने वाले विजय जैन के बड़े भाई अशोक जैन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

परिवार के अनुसार बदमाश घर से लगभग 20 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और करीब 60 हजार रुपये नकद लूटकर ले गए हैं। वारदात की सूचना मिलते ही सुबह करीब पांच बजे देहात थाना प्रभारी धर्मेन्द्र उपाध्याय, नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में सीएसपी एच.आर. पांडेय और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दिनदहाड़े नहीं बल्कि आधी रात को हाईवे किनारे बसे घर में हुई इस बड़ी डकैती ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...