खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- भरतपुर/आगरा:
उत्तर प्रदेश के आगरा में सामने आए चर्चित सुरेंद्र शर्मा हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर निवासी सुरेंद्र शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रही आरोपी पत्नी रूबी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने पहले पति को नींद की गोलियां मिलाकर खीर खिलाई और बेहोश होने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और ऊपर से सीमेंट का फर्श तथा नई टाइल्स लगवाकर सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार यह वारदात 17 मई को आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में हुई थी। मामले का खुलासा 3 जुलाई को तब हुआ, जब बाथरूम की खुदाई के दौरान फर्श के नीचे से सुरेंद्र का कंकाल बरामद किया गया। आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
वारदात से पहले बच्चों और सास को भेजा दूसरे घर
पूछताछ में रूबी ने बताया कि घटना वाले दिन उसने अपने दोनों बच्चों और सास को जेठ के घर भेज दिया था। इसके बाद शाम को पति के लिए बनाई गई खीर में नींद की गोलियां मिला दीं। खीर खाने के बाद सुरेंद्र बेहोश हो गया, जिसके बाद उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
रातभर घर में रखा शव, सुबह बाथरूम में दफनाया
आरोपी के अनुसार अगले दिन सुबह उसने शव को घसीटकर बाथरूम तक पहुंचाया। वहां लगभग तीन फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। इसके बाद गड्ढे को मिट्टी से भर दिया गया और बाद में मिस्त्री बुलाकर प्लास्टर कराया गया तथा नई टाइल्स लगवा दी गईं, ताकि किसी को किसी प्रकार का संदेह न हो।
45 दिन तक करती रही दुखी होने का नाटक
हत्या के बाद रूबी लगातार 45 दिनों तक परिवार और पड़ोसियों के सामने दुखी होने का नाटक करती रही। वह सभी को यही कहती रही कि सुरेंद्र अचानक कहीं चले गए हैं और उनका कोई पता नहीं चल रहा है। इतना ही नहीं, 26 मई को उसने खुद थाने में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी, जिससे किसी को उस पर शक न हो।
भाई के शक से खुला पूरा मामला
मामले का खुलासा सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा के शक के बाद हुआ। अनिल ने पुलिस को बताया कि उनके पिता की पेंशन सुरेंद्र के खाते में आती थी, जिसे दोनों भाई आपस में बांट लेते थे। भाई के गायब होने के बाद जब उन्होंने एटीएम कार्ड के बारे में रूबी से पूछा तो उसने अनभिज्ञता जताई।
बाद में बैंक से जानकारी मिली कि सुरेंद्र के खाते से आगरा में ही पैसे निकाले गए थे। इससे अनिल का शक और गहरा गया। जब उन्होंने रूबी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि उसने सुरेंद्र की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
खुदाई में मिला कंकाल
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बाथरूम की फर्श तुड़वाई और खुदाई कराई। खुदाई के दौरान नीचे दबा सुरेंद्र शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को अकेले वारदात करने पर संदेह
रूबी ने पूछताछ में यह भी बताया कि पति को शराब की लत थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी वारदात को अकेले अंजाम देना आसान नहीं था। इसलिए जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या, शव को दफनाने और सबूत मिटाने में किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद की थी या नहीं।
फिलहाल आरोपी महिला पुलिस रिमांड पर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment