खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- सागर (मध्य प्रदेश):
मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 18 वर्षीय छात्र नमन चौबे को बीते आठ महीनों में चार बार सांप ने डस लिया। लगातार हो रही इस घटना से पूरा परिवार दहशत में है। फिलहाल चौथी बार सर्पदंश का शिकार होने के बाद नमन का इलाज जिला अस्पताल सागर में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
जानकारी के अनुसार, सागर जिले के बंडा क्षेत्र के धुरमार गांव निवासी नारायण चौबे के 18 वर्षीय पुत्र नमन चौबे 12वीं कक्षा का छात्र है। दो दिन पहले वह अपने घर में मौजूद था, तभी अचानक एक सांप ने उसे डस लिया। परिजन बिना देर किए उसे बंडा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया। वहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
आठ महीने में चौथी बार बना सर्पदंश का शिकार
नमन के चाचा प्रभुदयाल चौबे ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले आठ महीनों में नमन को चौथी बार सांप ने डसा है। पहली घटना पिछले वर्ष नवंबर में हुई थी, जब वह स्कूल से घर लौट रहा था। इसके करीब 15–20 दिन बाद घर में ही दूसरी बार सांप ने डस लिया। फिर लगभग 20–25 दिन बाद तीसरी बार भी वह सर्पदंश का शिकार हुआ। अब चौथी बार फिर घर में सांप ने उसे काट लिया।
लगातार हो रही इन घटनाओं से परिवार बेहद चिंतित है। परिजन इसे दुर्भाग्यपूर्ण संयोग मान रहे हैं और नमन की सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहते हैं।
झाड़-फूंक नहीं, हर बार अस्पताल पहुंचे
नमन के चाचा ने बताया कि हर बार परिवार ने अंधविश्वास या झाड़-फूंक का सहारा लेने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचने का फैसला किया। यही कारण रहा कि नमन को समय पर एंटी-स्नेक वेनम और आवश्यक उपचार मिल सका, जिससे उसकी जान बच गई।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या तांत्रिक के चक्कर में समय बर्बाद न करें, बल्कि तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। समय पर इलाज ही सर्पदंश से जान बचाने का सबसे प्रभावी तरीका है।
बारिश के मौसम में बढ़ जाता है खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। लगातार बारिश के कारण सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, जिससे वे सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में घरों, गोदामों और अन्य इमारतों में घुस आते हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
सर्पदंश से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
घर और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखें।
रात में टॉर्च का उपयोग करके चलें।
खेतों या झाड़ियों में जाते समय ऊंचे जूते पहनें।
घर में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
सांप काटने की स्थिति में मरीज को शांत रखें और तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।

Post a Comment