खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता - मुकेश कुमार मिश्रा नौहट्टा रोहतास:
रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत तियरा खुर्द पंचायत के वार्ड संख्या 4 और 5 में मुख्यमंत्री नल-जल योजना बदहाल होती नजर आ रही है। पाइपलाइन कई स्थानों पर फट जाने के कारण अधिकांश घरों तक पेयजल की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। इससे ग्रामीणों को भीषण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के शुरुआती महीनों तक नल-जल योजना के तहत नियमित रूप से घरों में पानी पहुंच रहा था, लेकिन बाद में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हो गई। वर्तमान में मोटर पंप चालू होने के बावजूद पानी केवल कुछ घरों तक ही पहुंच पा रहा है, जबकि अधिकांश परिवार पेयजल से वंचित हैं।
ग्रामीण विकास कुमार ने बताया कि वार्ड संख्या 4 और 5 में कई जगह पाइपलाइन फट चुकी है। इसके कारण पानी रास्ते में ही बह जाता है और लोगों के घरों तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की।
ग्रामीण किशोर पासवान और अंगद ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री नल-जल योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना था, लेकिन योजना की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
वहीं सुनील बैठा ने बताया कि गांव के कई घरों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के कई चापाकल भी खराब पड़े हैं। ऐसे में नल-जल योजना भी बंद होने से ग्रामीणों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
महेंद्र ठाकुर ने बताया कि मोटर नियमित रूप से चालू होती है, लेकिन फटी पाइपलाइन के कारण अधिकांश पानी बीच रास्ते में ही बह जाता है। परिणामस्वरूप लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता और उन्हें दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) एवं संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों से अविलंब पाइपलाइन की मरम्मत कराने तथा नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गहरा सकता है।

Post a Comment